प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि अंतरिक्ष क्षेत्र के स्टार्टअप्स ने सरकार पर अपना भरोसा जताया है। अंतरिक्ष क्षेत्र के स्टार्टअप सीईओ के साथ बातचीत के दौरान, मोदी ने सीईओ से आग्रह किया कि वे अपने प्रयासों में निरंतरता बनाए रखें और एक मजबूत अंतरिक्ष क्षेत्र पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करें जो दुनिया भर से प्रतिभाओं को आकर्षित करने में सक्षम हो। उन्होंने कहा कि देश में ऐसा अनुकूल वातावरण बनाना होगा जहां दुनिया भर के लोग अंतरिक्ष क्षेत्र में अपना करियर और भविष्य बनाने के लिए भारत को पसंदीदा गंतव्य के रूप में देखें।
श्री मोदी ने कहा कि लागत के मामले में भारत अत्यधिक प्रतिस्पर्धी है और उसके पास उच्च कोटि की प्रतिभाएं हैं जिनमें जोखिम उठाने की प्रबल क्षमता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन विशेषताओं के संयोजन से देश को वैश्विक अंतरिक्ष क्षेत्र में एक अग्रणी खिलाड़ी के रूप में तेजी से स्थापित होने की क्षमता प्राप्त होती है।
