नई दिल्ली, 31 अगस्त। आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली में सामने आईं कथित यौन अपराध की घटनाओं को लेकर दिल्ली सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इन घटनाओं के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया।
आआपा प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियों जारी कर आरोप लगाया कि दिल्ली में सोमवार को अपराध की दो गंभीर घटनाएं सामने आईं। उन्होंने बताया कि एक मामले में तीन वर्षीय बच्ची के साथ उसके स्कूल कैब चालक द्वारा कथित तौर पर गलत हरकत की गई, जबकि दूसरे मामले में 15 वर्षीय छात्रा के साथ बस में कथित दुष्कर्म की घटना सामने आई।
आआपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजधानी में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए। उन्होंने जनकपुरी स्थित एस.एस. मोता सिंह स्कूल से जुड़े पूर्व के एक मामले के बारे में बताते हुए दिल्ली सरकार पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
भारद्वाज ने आरोप लगाया कि उस मामले में कुछ नेताओं के स्कूल से संबंध होने के कारण सरकार ने कथित तौर पर चुप्पी साधे रखी। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद स्कूल से संबंधित फाइल सरकार की ओर से दाखिल नहीं की गई। उन्होंने सरकार से इन सभी मामले में जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।
