नई दिल्ली, 22 सितंबर । दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन (सीपीसी) से जुड़े अपने कार्यक्रमों के तहत साओ पाउलो के अध्ययन दौरे के दौरान साओ पाउलो के उप-राज्यपाल फेलिसियो रामुथ से मुलाकात की। इस दौरान भारत और ब्राजील के बीच लोकतांत्रिक संस्थाओं, शासन व्यवस्था तथा पारस्परिक हित के विभिन्न विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक में दोनों पक्षों ने भारत और ब्राजील में चुनावी प्रक्रियाओं तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज पर चर्चा की। दोनों ने राज्य स्तर पर सरकारों के कार्य करने के तौर-तरीकों तथा उन संस्थागत व्यवस्थाओं पर भी अपने विचार साझा किए, जिनके माध्यम से निर्वाचित प्रतिनिधि और कार्यपालिका प्रभावी शासन एवं जनसेवा सुनिश्चित करने में योगदान देते हैं।
इस चर्चा में भारतीय और ब्राजील के राज्यों के बीच सहयोग एवं अनुभवों के आदान-प्रदान को मजबूत करने की संभावनाओं पर भी बातचीत हुई, विशेष रूप से शासन व्यवस्था, विधायी कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़े क्षेत्रों के बारे में सुझावों का आदान प्रदान हुआ। गुप्ता ने कहा कि संसदीय एवं संस्थागत आदान-प्रदान विभिन्न लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को एक-दूसरे के अनुभवों और कार्यप्रणालियों से सीखने का अवसर प्रदान करता है।
