प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से मध्य प्रदेश, बिहार और असम के तीन दिवसीय दौरे पर जाएंगे।
इस यात्रा के दौरान, वे आज दोपहर मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम चिकित्सा एवं विज्ञान अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखेंगे।
अत्याधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों से सुसज्जित यह कैंसर अस्पताल वंचित कैंसर रोगियों को मुफ्त उपचार प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री भोपाल में दो दिवसीय वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन 2025 का उद्घाटन करेंगे।
कल प्रधानमंत्री बिहार के भागलपुर जाएंगे, जहां वे पीएम किसान योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे।
देश भर के 9.7 करोड़ से अधिक किसानों को कुल 21 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक की प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता मिलेगी। वह बिहार में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण भी करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी झुमोर बिनंदिनी (मेगा झुमोर) 2025 कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गुवाहाटी जाएंगे। मेगा झुमोर उत्सव चाय उद्योग के 200 साल पूरे होने और असम में औद्योगीकरण की शुरुआत का प्रतीक है।
मंगलवार को वह गुवाहाटी में एडवांटेज असम 2.0 निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन 2025 का उद्घाटन करेंगे।
