नई दिल्ली। समाज कल्याण, एससी/एसटी कल्याण, चुनाव और सहकारिता विभाग के मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने बुधवार को विभागीय समीक्षा बैठक में नई योजनाओं को शुरू करने, मौजूदा सुविधाओं के विस्तार, डिजिटलीकरण से पारदर्शिता बढ़ाने और बजट 2025-26 के वित्तीय प्रावधानों को लेकर चर्चा की। बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि ‘अंत्योदय की भावना को केंद्र में रखकर जनता से मिल रहे सुझावों के आधार पर’ बजट 2025 का प्रस्ताव तैयार करें।
रविंद्र इंद्राज सिंह ने निर्देश दिए कि योजनाएं ‘विकसित दिल्ली संकल्प’ की दिशा में गरीब और वंचित वर्ग को आर्थिक सुरक्षा, महिलाओं के सशक्तीकरण और युवाओं की आत्मनिर्भरता बढ़ाने वाली हों। बजट वित्तीय औपचारिकता नहीं बल्कि सामाजिक संदेश हो कि गरीब और वंचित सरकार की प्राथमिकता हैं।
रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब और वंचित वर्ग के लिए चल रही योजनाओं को आगे बढ़ाना, युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना दिल्ली सरकार का उद्देश्य है। पेंशन योजनाओं, सहकारिता से आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने वाला बजट, पूरी तरह जनता का बजट होगा।
रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि बजट को तैयार करने के लिए जनता से सीधे संवाद और ऑनलाइन माध्यमों से संवाद किया जा रहा है। उनके सुझावों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जा रहा है।
