नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली भाजपा की संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया आगामी सप्ताह से शुरू होगी।
इस प्रक्रिया के लिए राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी ने दिल्ली के लिए महेंद्र नागपाल को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा दो सह चुनाव अधिकारी योगेश आत्रेय एवं विजय सोलंकी को भी नियुक्त किया है।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि भाजपा सामूहिक नेतृत्व से चलने वाली पार्टी है। भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र को सुनिश्चित करते हुए हर कार्यकर्ता को संगठनात्मक संरचना से जुड़ने का अवसर दिया जाता है।
सचदेवा ने कहा कि संगठनात्मक संरचना प्रक्रिया के अंतर्गत बूथ समिति, मंडल समिति, जिला समिति से होते हुए प्रदेश समिति तक का चुनाव होगा। इसके अलावा जहां कार्यकर्ता चाहेंगे वहां समन्वय से भी समिति गठन हो सकेगा।
