नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को बांसेरा पार्क में कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों संग बैठक कर आगामी बजट पर व्यापक विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि मंत्रियों और विधायकों के सुझावों को आने वाले विकसित दिल्ली बजट में शामिल किया जाएगा। यह आने वाला बजट दिल्ली के समग्र विकास को नया आयाम देगा और प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
विकसित दिल्ली बजट को लेकर मुख्यमंत्री ने महिलाओं, शिक्षाविदों, व्यापारियों, झुग्गी-बस्ती वालों संवाद करके उनके सुझाव ले चुके हैं। मुख्यमंत्री ने शनिवार को दिल्ली सचिवालय में संवाद शृंखला के तहत किसानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके बजट के लिए उनकी अपेक्षाओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस संवाद के दौरान किसानों के सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। बैठक में किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र की प्रगति को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 24 से 28 मार्च तक चलेगा। दिल्ली विधानसभा में दिल्ली सरकार 25 मार्च को अपना बजट पेश करेगी।
