नई दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को संजय गांधी अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता और चिकित्सा सेवाओं की स्थिति को नजदीक से देखा और आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि डाक्टरों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और परेशानियों को जानने की कोशिश की है। डाक्टरों से बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने को कहा गया है। अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों की कमी और अन्य कई खामियां मिलीं, उन्हें जल्द दूर करने के लिए निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य हर मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सेवाएं और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना है। उन्होंने कहा कि समर्पित सेवा और जनहित ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सौ दिनों के अंदर ही दिल्ली के अस्पतालों में बदलाव दिखाई देने लगेगा।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा सत्र के दौरान सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट पेश की गई थी। रिपोर्ट में विभिन्न स्वास्थ्य देखभाल संस्थाओं मेंकर्मचारियों की कमी, रोगी देखभाल में कमियां, अस्पतालों में औषधियों और उपकरणों की अनुपलब्धता, दवाइयों के वितरण में विलंब, नैदानिक सेवाओं और सर्जरी आदि के लिए अधिक प्रतीक्षा समय, स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाओं को पूरा करने में विलंब आदि कमियां पाई गई थीं।
