नई दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मौलाना आजाद इंस्टिट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज में आयोजित नेशनल ओरल हेल्थ कार्यक्रम के तहत छह मोबाइल डेंटल वैनों का शुभारंभ किया। उन्होंने यहां छह अत्याधुनिक मोबाइल डेंटल क्लिनिक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये मोबाइल डेंटल वैन दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में जाकर मुफ्त दंत जांच, इलाज और ओरल हेल्थ के प्रति जागरुकता बढ़ाने का कार्य करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने ओरल हेल्थ के महत्व को उजागर करते हुए कहा कि वह खुद डेंटल क्षेत्र से जुड़े रहे हैं और लोग अक्सर ओरल हेल्थ को नजरअंदाज कर देते हैं। हमारे समाज में जागरुकता की बहुत जरूरत है ताकि कोई भी व्यक्ति दातों से संबंधित छोटी-मोटी समस्या को हल्के में न ले। स्वस्थ जीवनशैली की शुरुआत सही समय पर डॉक्टर से सलाह लेने और सही इलाज कराने से होती है।
पंकज कुमार सिंह ने इन मोबाइल डेंटल क्लीनिक में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में कहा कि हर मोबाइल डेंटल वैन में आधुनिक डेंटल चेयर, पोर्टेबल एक्स-रे यूनिट, अल्ट्रासोनिक स्केलर, स्टेरिलाइज़ेशन यूनिट और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध हैं। मरीजों को मुफ्त फ्लोराइड ट्रीटमेंट, सीलेंट और छोटे रेस्टोरेटिव उपचार भी दिए जाएंगे। हमारा लक्ष्य है कि ये वैन दिल्ली के हर इलाके झुग्गी-बस्तियों, गरीब बस्तियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तक पहुंचें, ताकि कोई भी व्यक्ति अच्छी दंत चिकित्सा सेवाओं से वंचित न रहे।
इन मोबाइल क्लीनिक में दंत विशेषज्ञों की एक समर्पित टीम मौजूद रहेगी, जो दातों की जांच, ओरल स्क्रीनिंग, दांत दर्द से जुड़ी आपातकालीन सेवाएं प्रदान करेगी। साथ ही इन क्लिनिकों में स्मार्ट टेलीविज़न और ऑडियो सिस्टम भी लगे हैं, जिनके जरिए मरीजों को ओरल हेल्थ और स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने लॉन्च के दौरान अस्पताल में दंत चिकित्सा सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार लगातार प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। यह पहल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत नेशनल ओरल हेल्थ प्रोग्राम के उद्देश्यों के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य मौजूदा स्वास्थ्य सुविधाओं के माध्यम से जरूरी दंत चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है। मोबाइल डेंटल क्लीनिक सेवा दिल्ली सरकार के डिस्पेंसरियों, स्कूलों और समाज कल्याण विभाग के साथ मिलकर काम करेगी ताकि छात्रों, बुजुर्गों और अन्य जरूरतमंद समूहों तक ये सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।
इसके अलावा, डॉ. सिंह ने ‘वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन’ योजना के तहत एक ई-लाइब्रेरी का भी शुभारंभ किया। यह लाइब्रेरी छात्रों और डाक्टरों को मुफ्त में हजारों किताबों, शोध-पत्रों और जर्नल्स को एक क्लिक पर उपलब्ध कराएगा। यह ई-लाइब्रेरी छात्रों और डॉक्टरों के लिए महत्वपूर्ण है, जिससे वे एक क्लिक में शोध संबंधी, जर्नलों तक पहुंच सकते हैं। ई-बुक्स भविष्य की शिक्षा प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, और इस पहल से यह सुनिश्चित होगा कि सभी छात्रों और डाक्टरों तक जरूरी शोध पत्र और जर्नल्स उपलब्ध हो सकें।
डॉ. सिंह ने मौलाना आज़ाद इंस्टिट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज़ की सराहना की और इसके निदेशक, प्राचार्य, फैकल्टी और पूरी टीम को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अपने नागरिकों को आधुनिक एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
