दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने आज यहां कहा कि दिल्ली में जल संकट को दूर करने के लिए समर एक्शन प्लान पूरी तरह से तैयार है। सरकार लगातार इसकी समीक्षा कर रही है और जल आपूर्ति सुचारू रखने के लिए हर क्षेत्र में नोडल अफसरों की तैनाती की जा रही है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को विधानसभा में विधायकों और दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। इस बैठक में जल संकट और समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि हर दूसरे-तीसरे दिन हम बैठक कर रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि कहां क्या स्थिति बनी हुई है,।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली के जिन इलाकों में जल स्तर ऊपर और मीठा पानी उपलब्ध है, वहां अधिक ट्यूबवेल लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा जहां टैंकर की जरूरत होगी, वहां टैंकर सेवा को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले टैंकर में केवल एक ड्राइवर होता था लेकिन अब दो ड्राइवर तैनात किए जाएंगे ताकि जल आपूर्ति में कोई रुकावट न आए।
आज विधानसभा में आयोजित बैठक में भाजपा और अन्य दलों के विधायकों के साथ जल बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जल संकट से सबसे अधिक प्रभावित इलाकों की पहचान की गई और जल आपूर्ति को सुचारू करने के उपायों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जल आपूर्ति में किसी भी तरह की अनियमितता को तुरंत दूर किया जाए और लोगों की शिकायतों का तुरंत समाधान हो।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि पानी के वितरण को लेकर कोई भेदभाव न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए हर क्षेत्र में नोडल अफसर तैनात किए जा रहे हैं। नोडल अफसर अपने-अपने क्षेत्रों में जल आपूर्ति की निगरानी करें और किसी भी समस्या की रिपोर्ट सीधे हमें दें। उन्होंने कहा दिल्ली का जल प्रबंधन तंत्र पिछली सरकारों में पूरी तरह से खराब हो चुका था। उन्होंने कहा कि हम पानी की लीकेज को खत्म कर रहे हैं। इसके लिए बजट में भी प्रावधान रखा गया है। मुनक नहर से जो चैनल आता है, वह ओपन नहर है और इसमें लीकेज की बड़ी समस्या है। इसे सुधारने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किया गया है।
जल मंत्री ने कहा कि अगर पहले की सरकारों ने समय पर सही कदम उठाए होते तो आज दिल्ली की स्थिति इतनी खराब नहीं होती। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इसे ठीक करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। दिल्ली में पानी को लेकर जो ‘हाकर माफिया’ सक्रिय थे, उसे रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
