नई दिल्ली, 31 मार्च। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की 88वीं जयंती पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट चेयरमैन अनिल भारद्वाज एवं अन्य नेताओं-कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट कर पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की जयंती पर दिल्ली के विकास में उनके अमूल्य योगदान, सेवा भावना और प्रतिबद्धता को सादर नमन किया।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली के नव-निर्माण में दिया गया शीला दीक्षित का अमूल्य योगदान एवं उनकी पावन स्मृतियां सदैव हमें जनसेवा की प्रेरणा प्रदान करती रहेंगी।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट चेयरमैन अनिल भारद्वाज ने कांग्रेस की दूरदर्शी नेता और दिल्ली को नए विश्वस्तरीय स्वरूप में ढालने वाली पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की जयंती पर विनम्र नमन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास और प्रगति में उनके अभूतपूर्व योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
