राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुर्तगाल की अपनी सफल राजकीय यात्रा पूरी करने के बाद आज सुबह-सुबह स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुँचीं। राष्ट्रपति की पुर्तगाल यात्रा 27 वर्षों में पुर्तगाल की पहली राजकीय यात्रा थी, जो राजनयिक संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई। मीडिया को जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) तन्मय लाल ने कहा कि राष्ट्रपति की पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो के साथ एक उपयोगी बैठक हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों की एक विस्तृत श्रृंखला पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया। सचिव ने कहा कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मोंटेनेग्रो के बीच उच्च स्तरीय वार्ता के अलावा, विभिन्न स्तरों पर द्विपक्षीय चर्चाएँ हुईं।
राष्ट्रपति की राजकीय यात्रा एक ऐतिहासिक यात्रा है, जो 29 साल के अंतराल के बाद हो रही है। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी और भारत के राष्ट्रपति और स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के बीच बैठक होगी। स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ भी बैठक होगी। राष्ट्रपति स्लोवाकिया की राष्ट्रीय परिषद के अध्यक्ष रिचर्ड रासी से भी मिलेंगे।
