पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ओपन एकरेज लाइसेंसिंग पॉलिसी बिड राउंड नौ के तहत 1 लाख 36 हजार वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में 28 ब्लॉक आवंटित किए हैं। इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि इससे भारत को अपनी अप्रयुक्त ऊर्जा क्षमता तक पहुंचने और आयात निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। श्री पुरी ने कहा कि इसका ऊर्जा क्षेत्र पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा।
हाल ही में पारित आउटफील्ड (विनियामक और विकास) संशोधन विधेयक के बारे में बात करते हुए पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि बेहतर क्रियान्वयन के लिए नियमों का सेट सार्वजनिक डोमेन में जारी कर दिया गया है। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र के हितधारकों से आगे आकर अपने इनपुट देने का आग्रह किया। उन्होंने विदेशी निवेशकों से संयुक्त उद्यमों और तकनीकी सहायता पर भी आशा व्यक्त की।
