नई दिल्ली, 17 अप्रैल। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी नेता दुर्गेश पाठक के घर पर सीबीआई छापेमारी के बाद कहा कि आआपा तो चंदाखोर पार्टी है। उन्होंने गुरुवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि आआपा मुखिया अरविंद केजरीवाल की पार्टी अजीब है, हमने चंदा चोर नाम तो सुना था यह आआपा तो चंदाखोर पार्टी है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दुर्गेश पाठक ने अपनी ही पार्टी का चंदा खाने का काम किया है, अगर जांच एजेंसी अपना कम कर रही है तो उनको इसमें परेशानी क्या है? अपनी ही पार्टी के चंदे को खाने वाले यह चंदाखोर लालू यादव से भी ज्यादा भ्रष्ट निकले।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में शराब घोटाले का पैसा गोवा विधानसभा चुनाव में आआपा ने उपयोग किया। यह बात सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि आआपा के पार्टी चंदे में उनके नेता द्वारा पैसा हड़पने की बात सामने आ रही है। जांच पूरी होने के बाद इसमें और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आआपा सबसे भ्रष्ट और घूसखोर पार्टी है। इसको सिर्फ कमीशन ही खाना है।
दुर्गेश पाठक के गुजरात का सहप्रभारी बनाने के सवाल पर वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आआपा के पास इतने ही नेता हैं कि प्रभारी और सहप्रभारी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आआपा के पास अब एक ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान है, जो मंच तो संभाल सकता है, लेकिन राज्य नहीं।
