प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना हो गए हैं। इससे पहले अपने प्रस्थान वक्तव्य में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत सऊदी अरब के साथ अपने दीर्घकालिक और ऐतिहासिक संबंधों को बहुत महत्व देता है, जिसने हाल के वर्षों में रणनीतिक गहराई और गति प्राप्त की है। श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने रक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्रों में पारस्परिक रूप से लाभकारी और ठोस साझेदारी विकसित की है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के साझा हित हैं और क्षेत्रीय शांति, समृद्धि, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्धता है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि वह सऊदी अरब में रहने वाले जीवंत भारतीय समुदाय से जुड़ने के लिए उत्सुक हैं, जो दोनों देशों के बीच जीवंत सेतु का काम करता है और सांस्कृतिक और मानवीय संबंधों को मजबूत करने में बहुत बड़ा योगदान देता है। श्री मोदी ने जोर देकर कहा कि वह रणनीतिक साझेदारी परिषद की दूसरी बैठक में भाग लेने और 2023 में प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की भारत की बेहद सफल राजकीय यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
