सरकार ने उत्तर प्रदेश में जेवर हवाई अड्डे के पास एक सेमीकंडक्टर इकाई स्थापित करने को मंजूरी दी है। आज नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह इकाई एचसीएल और फॉक्सकॉन के संयुक्त उद्यम के साथ भारत सेमीकंडक्टर मिशन के तहत स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि संयंत्र को प्रति माह 20 हजार वेफर्स के लिए डिजाइन किया गया है और इसकी डिजाइन आउटपुट क्षमता 36 मिलियन यूनिट प्रति माह है। उन्होंने कहा कि जेवर में नई सेमीकंडक्टर इकाई तीन हजार 700 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करेगी।
मंत्री ने कहा कि पांच सेमीकंडक्टर इकाइयां पहले से ही निर्माण के उन्नत चरणों में हैं और इस छठी इकाई के साथ, भारत रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सेमीकंडक्टर उद्योग को विकसित करने की अपनी यात्रा में आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि 270 शैक्षणिक संस्थानों और 70 स्टार्टअप में छात्र और उद्यमी नए उत्पादों के विकास के लिए विश्व स्तरीय नवीनतम डिजाइन तकनीकों पर काम कर रहे हैं।
ऑपरेशन सिंदूर पर एक प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि यह ऑपरेशन भारत की पहचान, सशस्त्र बलों की दुर्जेय भूमिका और निर्णायक नेतृत्व का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाई की स्थापना के बारे में कैबिनेट के फैसले से विकास और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि इससे युवाओं के लिए भी अनगिनत अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर की दुनिया में भारत की प्रगति जारी है।
