नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली में कथित तौर पर बढ़ती आपराधिक वारदातों राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अपराधों को रोकने में ट्रिपल इंजन सरकार विफल साबित हो रही है।
देवेंद्र यादव ने बुधवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पिछले 12 सालों से दिल्ली में ऐसे लोग सत्तासीन है, जो दिल्ली की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर गंभीर नहीं हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस आंकड़ों के मुताबिक जनवरी से मार्च 2025 तक 107 हत्या और 168 लोगों की जान लेने के प्रयास, 315 डकैती, 1199 झपटमारी, 379 महिलाओं से छेड़छाड़ और 370 बलात्कार जैसे जघन्य अपराध हुए है। उन्होंने कहा कि यह अति संवेदनशील है कि पहली तिमाही में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और बलात्कार की प्रतिदिन 4-5 घटनाएं हो रही है। प्रतिदिन 3 से अधिक डकैती और एक से अधिक हत्या के मामले दर्ज हुए है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा दिल्ली पुलिस पर प्रति वर्ष 11-12 हजार करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद दिल्ली अपराध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला अपराध जहां राष्ट्रीय स्तर पर 66.4 प्रतिशत है वहीं राजधानी दिल्ली 134 प्रतिशत है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में करोड़ों की ड्रग्स पकड़ने के बाद भी यहां सरेआम ड्रग्स बिकने का आरोप लगाया है। इतनी बड़ी संख्या में राजधानी दिल्ली के बॉर्डर से अंदर आने वाली ड्रग्स जो युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने के लिए आखिर कौन लोग सक्रिय है। 8 मई को सागरपुर में 45 लाख की ड्रग्स पकड़ी गई। 9 मई को 900 करोड़ की 82.53 किलो ड्रग्स पकड़ी गई। 2 अप्रैल को 8.75 करोड़ और 31 मार्च को 27 करोड़ की ड्रग्स पकड़ी गई। इसमें 5 अफ्रीक के नागरिक पकड़े गए। उन्होंने कहा कि भाजपा हो या आम आदमी पार्टी दिल्ली में अपराधों को रोकने में विफल साबित हुई है।
