वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने अपने अमेरिकी समकक्ष हॉवर्ड विलियम लुटनिक के साथ अच्छी चर्चा की है। यह बातचीत ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश इस साल अक्टूबर तक व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने से पहले वस्तुओं में अंतरिम व्यापार व्यवस्था की संभावना तलाश रहे हैं। श्री गोयल 17 मई से व्यापार समझौते पर अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ चर्चा के लिए वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों के दल का नेतृत्व कर रहे हैं।
