कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 29 मई को ओडिशा के पुरी से विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की जाएगी। यह अभियान 700 जिलों में चलाया जाएगा और वैज्ञानिकों की टीम गांव-गांव जाकर किसानों से सीधे संवाद करेगी। नई दिल्ली में देशभर के कृषि वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान में 731 कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), 113 भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) संस्थान, राज्य स्तरीय विभाग और कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन के अधिकारी तथा नवोन्मेषी किसान शामिल होंगे। मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार सरकार किसानों से सीधे जुड़ने की बड़ी पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि देशव्यापी अभियान में करीब 1.5 करोड़ किसान सीधे जुड़ेंगे।
