चुनाव आयोग ने तमिलनाडु की छह और असम की दो सीटों सहित आठ राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की तिथि घोषित कर दी है।
आयोग के अनुसार अगले महीने की दो तारीख को अधिसूचना जारी की जाएगी और 19 जून को मतदान होगा। उसी दिन मतगणना भी होगी।
यह द्विवार्षिक चुनाव इसलिए कराए जा रहे हैं क्योंकि राज्यसभा के आठ सदस्यों का कार्यकाल इस वर्ष जून और जुलाई के बीच समाप्त होने वाला है।
तमिलनाडु से छह राज्यसभा सांसद, डॉ. अंबुमणि रामदास, एम. षणमुगम, एन. चंद्रशेखरन, एम. मोहम्मद अब्दुल्ला, पी. विल्सन और वाइको इस वर्ष 24 जुलाई को सेवानिवृत्त होंगे।
अगले महीने की 14 तारीख को मिशन रंजन दास और बीरेंद्र प्रसाद वैश्य के सेवानिवृत्त होने से असम की दो सीटें रिक्त हो जाएंगी।
