रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार ने 2029 तक रक्षा उत्पादन के लिए 3 लाख करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा है। उत्तराखंड के देहरादून में ‘राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद’ विषय पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उस समय तक इस क्षेत्र में देश का निर्यात 50,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि 2014 में रक्षा उत्पादन का वार्षिक आंकड़ा 40,000 करोड़ रुपये था, जो आज 1.30 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को पार कर गया है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने इस वर्ष तक 1.75 लाख करोड़ रुपये के रक्षा उत्पादन का लक्ष्य रखा है।
मंत्री ने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में रक्षा निर्यात बढ़कर 23,622 करोड़ रुपये हो गया है और भारत में निर्मित रक्षा उत्पाद लगभग 100 देशों को निर्यात किए जा रहे हैं।
आतंकवाद से निपटने और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा अपनाई गई रणनीति पर प्रकाश डालते हुए, श्री सिंह ने कहा कि रक्षा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक के रूप में उभरा है और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियार और प्लेटफॉर्म भारत में बने थे।
उन्होंने कहा कि आज भारत न सिर्फ अपनी सीमाओं की सुरक्षा कर रहा है, बल्कि एक ऐसी व्यवस्था भी बना रहा है जो हमें सामरिक, आर्थिक और तकनीकी रूप से मजबूत बना रही है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि पहले भारत पूरी तरह विदेशी रक्षा उपकरणों पर निर्भर था, लेकिन आज भारत रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।
रक्षा क्षमताओं के बारे में बात करते हुए, मंत्री ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बल देश में निर्मित अत्याधुनिक हथियारों, मिसाइलों, टैंकों और प्लेटफार्मों का उपयोग करते हैं।
उन्होंने कहा कि अग्नि, पृथ्वी और ब्रह्मोस जैसी स्वदेशी मिसाइलें दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं।
