पांच देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नामीबिया के राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदी-नदैतवा के निमंत्रण पर नामीबिया के विंडहोक पहुंचेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की देश की पहली यात्रा होगी, और भारत से नामीबिया की तीसरी प्रधानमंत्री यात्रा होगी, जो लगभग तीन दशकों के बाद हो रही है। आगमन पर प्रधानमंत्री का औपचारिक स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद आर्थिक साझेदारी को गहरा करने के लिए दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी।
दोनों देशों के बीच ऊर्जा सुरक्षा, स्वास्थ्य और फार्मा जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर कई समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान होने की उम्मीद है। इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नामीबिया के संस्थापक पिता और प्रथम राष्ट्रपति स्वर्गीय डॉ. सैम नुजोमा को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। बाद में, श्री मोदी नामीबिया की संसद में भाषण देंगे।
