राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर होंगी। राष्ट्रपति आज दोपहर भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुँचेंगी, जहाँ से उनका अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भुवनेश्वर के पाँचवें दीक्षांत समारोह में भाग लेने के लिए जाने का कार्यक्रम है।
महान दूरदर्शी भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा 2003 में स्थापित एम्स-भुवनेश्वर आज देश में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवा वितरण का एक प्रकाश स्तंभ है।
आकाशवाणी संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एम्स, भुवनेश्वर के 5वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और 31 छात्रों को 59 स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी तथा 643 स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों को उपाधियाँ प्रदान करेंगी। ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों के दीक्षांत समारोह में शामिल होने की संभावना है।
