भारत ने अपनी ऊर्जा परिवर्तन यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, तथा अपनी स्थापित विद्युत क्षमता का 50 प्रतिशत गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से प्राप्त कर लिया है, जो लक्ष्य से पांच वर्ष पहले ही संभव हो पाया है।
आकाशवाणी संवाददाता की रिपोर्ट है कि यह महत्वपूर्ण मील का पत्थर देश की जलवायु कार्रवाई और सतत विकास के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है, और संकेत देता है कि भारत का स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन न केवल वास्तविक है, बल्कि तेज भी हो रहा है। केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा, जलवायु समाधान चाहने वाली दुनिया में, भारत रास्ता दिखा रहा है। उन्होंने कहा, 2030 के लक्ष्य से पांच साल पहले 50 प्रतिशत गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता हासिल करना हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। श्री जोशी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व भारत के हरित परिवर्तन को आगे बढ़ा रहा है – एक आत्मनिर्भर और टिकाऊ भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। यह उपलब्धि दूरदर्शी नीति डिजाइन, साहसिक कार्यान्वयन और देश की समानता और जलवायु जिम्मेदारी के प्रति गहरी प्रतिबद्धता की सफलता को दर्शाती है। पीएम-कुसुम, पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना, सौर पार्क विकास और राष्ट्रीय पवन-सौर हाइब्रिड नीति जैसे प्रमुख कार्यक्रमों ने इस परिवर्तन की मजबूत नींव रखी है वैश्विक स्तर पर सबसे कम प्रति व्यक्ति उत्सर्जन वाले देशों में से एक होने के बावजूद, भारत उन गिने-चुने G20 देशों में शामिल है जो अपनी राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (NDC) प्रतिबद्धताओं को पूरा करने या उससे भी आगे बढ़ने की राह पर हैं। बयान में कहा गया है कि निर्धारित समय से पहले 50 प्रतिशत गैर-जीवाश्म उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल करके, भारत स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी के रूप में अपने नेतृत्व को और मज़बूत करता है, और यह दर्शाता है कि आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं।
