सरकार ने घोषणा की है कि स्वदेशी रूप से विकसित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, कवच 4.0 का उन्नत संस्करण कोटा-मथुरा खंड पर चालू होने के लिए तैयार है। लोकसभा में बोलते हुए, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे देश में रेलवे सुरक्षा प्रणालियों के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। श्री वैष्णव ने इस बात पर प्रकाश डाला कि कवच 4.0 का कमीशन बहुत ही कम समय में हासिल किया गया है। उन्होंने कहा कि रेलवे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत विजन से प्रेरित होकर, कवच स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली को स्वदेशी रूप से डिजाइन, विकसित और निर्मित किया है। यह रेखांकित करते हुए कि कई विकसित देशों को समान ट्रेन सुरक्षा प्रणालियों को विकसित करने और लागू करने में 20 से 30 साल लग गए, मंत्री ने कहा कि कवच 4.0 को जुलाई 2024 में अनुसंधान डिजाइन और मानक संगठन (आरडीएसओ) द्वारा अनुमोदित किया गया था।
