प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत यूक्रेन-रूस विवाद के शीघ्र एवं शांतिपूर्ण समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और इस संबंध में हर संभव योगदान देगा।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के साथ टेलीफ़ोन पर बातचीत करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि संघर्ष के शीघ्र और शांतिपूर्ण समाधान की आवश्यकता पर भारत का रुख़ अटल है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भारत इस संबंध में हर संभव योगदान देने के साथ-साथ यूक्रेन के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल के घटनाक्रमों पर श्री ज़ेलेंस्की के विचार भी सुने।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अगले शुक्रवार को अलास्का में होने वाली वार्ता से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात की। यह वार्ता यूक्रेन में युद्ध के भविष्य पर चर्चा के लिए होगी। श्री ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इस बैठक की घोषणा की और बाद में क्रेमलिन के एक प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अलास्का की रूस से अपेक्षाकृत निकटता को देखते हुए यह स्थान काफी तार्किक था।
