नई दिल्ली। दिल्ली के मोती नगर से भाजपा विधायक हरीश खुराना ने आम आदमी पार्टी (आआपा) पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर एक ऐसी फोटो पोस्ट की है जिसमें गुजरात के आआपा विधायक गोपाल इटालिया के साथ मुख्यमंत्री पर हमले का आरोपित आरोपित राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया भी खड़ा दिखाई दे रहा है।
हरीश खुराना ने एक्स पोस्ट में कहा कि जिसका शक था वही हुआ। गोपाल इटालिया के साथ आरोपित की फोटो बहुत कुछ कह रही है, यानी आज हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले का कनेक्शन आआपा से जुड़ता है। केजरीवाल जी प्लीज एक्सप्लेन ‘यह रिश्ता क्या कहलाता है’ गजब…।’
खुराना ने कहा कि मुख्यमंत्री पर हुआ हमला लोकतंत्र के मूल्यों पर गहरी चोट है। यह केवल एक व्यक्ति पर आघात नहीं, बल्कि जनता की आस्था और व्यवस्था पर सीधा प्रहार है। दिल्ली की प्रगति के लिए दिन-रात जुटीं मुख्यमंत्री पर इस प्रकार का कृत्य निंदनीय ही नहीं, बल्कि अस्वीकार्य भी है। विधायक खुराना ने कहा कि सरकार जनता की सेवा और दिल्ली के विकास के संकल्प से डगमगाने वाली नहीं है, यह यात्रा न थमेगी, न झुकेगी।
