छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को साय सरकार पर बस्तर की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार के दौरान बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर बस्तर के नेताओं को ही जिम्मेदारी दी गई थी। दो-दो मंत्री बस्तर से हुआ करते थे, लेकिन भाजपा में अब वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक हत्या करने का प्रयास सरकार कर रही है। वहीं दीपक बैज के आरोपों पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने पलटवार करते हुए कहा कि दीपक बैज अनुचित टिप्पणी कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अपने संगठन की चिंता करें। किरण देव ने कहा कि मुख्यमंत्री का विशेष अधिकार है कि वह किसे मंत्री बनाना चाहते हैं, पहले से ही केदार कश्यप बस्तर से मंत्री हैं। इसके अलावा कोंडागांव विधायक लता उसेंडी बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और मैं स्वयं प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका में हूं।
