आज राष्ट्रीय खेल दिवस है। यह दिन महानतम हॉकी खिलाड़ियों में से एक, मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। राष्ट्रीय खेल दिवस प्रतिवर्ष 29 अगस्त को खेलों और शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर ज़ोर देने और भारतीय हॉकी में मेजर ध्यानचंद की विरासत का सम्मान करने के लिए मनाया जाता है। इस अवसर पर, युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने आज सुबह नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित की।
डॉ. मनसुख मंडाविया इस महीने की 31 तारीख तक पूरे देश में फिट इंडिया के अखिल भारतीय खेल अभियान का नेतृत्व भी करेंगे। हॉकी के दिग्गज मेजर ध्यानचंद के सम्मान में यह अभियान राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुरू होगा। युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी खेल एवं फिटनेस अभियान “एक घंटा, खेल के मैदान में” थीम के तहत मनाया जा रहा है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि प्रतिष्ठित एथलीट और जनप्रतिनिधि भी राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह में भाग लेंगे और देश के सभी कोनों में खेल गतिविधियों में शामिल होंगे।
