पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज हरित वित्त को लचीली और प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्थाओं की रीढ़ बताया। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, श्री यादव ने कहा कि उद्योग जगत को न केवल अपने लाभ के आंकड़ों के प्रति, बल्कि उनके पीछे छिपी पर्यावरणीय लागतों के प्रति भी सचेत रहना चाहिए। उन्होंने सॉवरेन ग्रीन बॉन्ड जारी करने, हरित उपकरणों में पारदर्शिता और मिश्रित वित्त व्यवस्था के माध्यम से हरित निवेश में विश्वास पैदा करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रकाश डाला।
मंत्री महोदय ने इस बात पर ज़ोर दिया कि इस तरह के तंत्र अत्यंत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि भारत को अपनी नेट-ज़ीरो महत्वाकांक्षाओं को प्राप्त करने के लिए 2070 तक 10 ट्रिलियन डॉलर से अधिक की आवश्यकता होगी। उन्होंने रेखांकित किया कि विकसित देशों की वैश्विक दक्षिण का समर्थन करने की नैतिक ज़िम्मेदारी है, और 2035 तक 300 बिलियन डॉलर का संयुक्त राष्ट्र का प्रक्रिया लक्ष्य अपर्याप्त है और चुनौती के पैमाने को प्रतिबिंबित नहीं करता है।
भारत के भविष्य के विकास पथ के बारे में बात करते हुए, श्री यादव ने कहा कि 21वीं सदी में विकास संबंधी आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता की हानि और पारिस्थितिकी क्षरण के प्रभाव से ग्रह की रक्षा करने की दोहरी जिम्मेदारी है।
