संयुक्त राज्य अमेरिका ने घोषणा की है कि वह ईरान के चाबहार बंदरगाह पर परिचालन के लिए 2018 में जारी प्रतिबंधों में छूट को रद्द कर देगा। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि इसके साथ, बंदरगाह पर परिचालन से जुड़े व्यक्तियों पर ईरान स्वतंत्रता और प्रसार-रोधी अधिनियम के तहत प्रतिबंध लगाए जाएंगे।
यह निर्णय इस वर्ष 29 सितंबर से प्रभावी होगा। अमेरिकी प्रशासन ने कहा कि प्रतिबंधों से छूट को रद्द करने का यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ईरानी शासन के विरुद्ध अधिकतम दबाव की नीति के अनुरूप है।
इस वर्ष मई में भारत और ईरान ने चाबहार बंदरगाह परिचालन से संबंधित 10 वर्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत नई दिल्ली ने ओमान की खाड़ी में स्थित बंदरगाह पर बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 250 मिलियन डॉलर की ऋण सुविधा की पेशकश की।
