नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस सेवा पखवाड़े के अवसर पर दिल्ली में मंगलवार को बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। दिल्ली सरकार और भाजपा नेताओं की अगुवाई में राजधानी के 71 स्थानों पर फ्लाईओवरों और आसपास के इलाकों में सफाई की गई।
इस अभियान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद, विधायक, निगम पार्षद, दिल्ली सरकार के मंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा के रिंग रोड क्षेत्र में सफाई अभियान का नेतृत्व किया। उनके साथ मंत्री रविंद्र इन्द्रराज सिंह और निगम उपमहापौर जय भगवान यादव भी शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सफाई सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम न होकर रोजमर्रा की आदत बननी चाहिए, तभी दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकेगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आईटीओ फ्लाईओवर और रोज गार्डन क्षेत्र में अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सफाई अभियान हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। दिल्ली देश की राजधानी है और यहां देश के कोने-कोने से लोग रहते हैं। हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने आसपास सफाई बनाए रखे।
राजधानी के विभिन्न इलाकों में भाजपा नेताओं ने अलग-अलग स्थानों पर सफाई अभियान चलाया। केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने लोहे के पुल पर, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने आर के पुरम में, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सराय काले खान फ्लाईओवर के नीचे, सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने आईएसबीटी कश्मीरी गेट से चंदगी राम अखाड़ा तक, सांसद कमलजीत सहरावत ने नारायणा फ्लाईओवर और भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने सफदरजंग एनक्लेव और सरोजिनी नगर क्षेत्रों में सफाई कार्य का नेतृत्व किया।
विधायक सतीश उपाध्याय ने एम्स फ्लाईओवर, राजकुमार भाटिया ने आजादपुर फ्लाईओवर, शिखा राय ने मूलचंद साउथ एक्सटेंशन, कैलाश गहलोत ने मोतीबाग गुरुद्वारा, गजेन्द्र यादव ने एम्स परिसर, अशोक गोयल ने मॉडल टाउन और अभय वर्मा ने आईटीओ क्लोवरलीफ फ्लाईओवर पर सफाई अभियान का नेतृत्व किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष योगिता सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में और एनडीएमसी सदस्य दिनेश प्रताप सिंह ने मोती बाग में, जबकि स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने प्रगति मैदान में सफाई अभियान चलाया। इसके अलावा भाजपा के विभिन्न मोर्चा अध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों और निगम पार्षदों ने भी अलग-अलग स्थानों पर अभियान में भाग लिया।
सफाई अभियान के बाद वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा स्वच्छता को प्राथमिकता दी है और सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आज का यह अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने दिल्ली के नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास सफाई बनाए रखने को आदत बनाएं ताकि राजधानी को वास्तव में देश का दिल कहा जा सके।
