विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि ब्रिक्स ऐसे समय में तर्क और रचनात्मक बदलाव की एक मज़बूत आवाज़ बनकर खड़ा है जब बहुपक्षवाद दबाव में है। डॉ. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र से इतर न्यूयॉर्क में ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक की मेज़बानी करते हुए यह बात कही। मंत्री ने कहा कि इस अशांत दुनिया में, ब्रिक्स को शांति स्थापना, संवाद, कूटनीति और अंतर्राष्ट्रीय कानून के पालन के संदेश को मज़बूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स को संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख अंगों, विशेषकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, में व्यापक सुधार के लिए अपने सामूहिक आह्वान को और मज़बूत करना चाहिए।
व्यापार प्रवाह पर बढ़ते संरक्षणवाद, टैरिफ अस्थिरता और गैर-टैरिफ बाधाओं के प्रभाव पर ज़ोर देते हुए, डॉ. जयशंकर ने कहा कि ब्रिक्स को बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली की रक्षा करनी चाहिए। डॉ. जयशंकर ने रेखांकित किया कि प्रौद्योगिकी और नवाचार ब्रिक्स सहयोग के अगले चरण को परिभाषित करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत की अध्यक्षता डिजिटल परिवर्तन, स्टार्टअप, नवाचार और मजबूत विकास साझेदारी के माध्यम से खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास पर केंद्रित होगी। बाद में शाम को, डॉ. जयशंकर ने भारत-ब्राजील-दक्षिण अफ्रीका (IBSA) संवाद मंच के मंत्रियों की एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान, IBSA ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में परिवर्तनकारी सुधार का पुरज़ोर आह्वान किया। IBSA अकादमिक मंच, समुद्री अभ्यास, IBSA ट्रस्ट फंड और IBSA के भीतर व्यापार को बढ़ावा देने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।
इससे पहले, डॉ. जयशंकर ने कोलंबियाई विदेश मंत्री रोज़ा योलांडा विलाविसेनियो के साथ भारत-लैटिन अमेरिकी और कैरेबियाई राज्यों के समुदाय (सीईएलएसी) की बैठक की सह-अध्यक्षता भी की। दोनों पक्षों ने कृषि, व्यापार, स्वास्थ्य, डिजिटल प्रौद्योगिकी, मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर), और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में अपने मौजूदा व्यापक सहयोग को मज़बूत करने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, महत्वपूर्ण खनिजों, अंतरिक्ष, नवीकरणीय ऊर्जा और उन्नत प्रौद्योगिकियों सहित सहयोग के उभरते क्षेत्रों की खोज पर भी चर्चा की।
भारत और सीईएलएसी ने वैश्विक दक्षिण की आवाज़ को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने के लिए बहुपक्षीय संस्थानों में सुधार की तत्काल आवश्यकता पर भी सहमति व्यक्त की। विदेश मंत्री ने इस अवसर पर कई वैश्विक समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं। डॉ. जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान, रूस के सर्गेई लावरोव, इंडोनेशिया के सुगियोनो, ऑस्ट्रिया के बीट मेनल-रीसिंगर, क्यूबा के ब्रूनो रोड्रिग्ज पर्रिला, रोमानिया के तोइउ ओआना और सिएरा लियोन के टिमोथी मूसा कब्बा से मुलाकात की।
