भारत के मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति बीआर गवई ने न्याय वितरण प्रणाली में महत्वपूर्ण योगदान के लिए आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण (आईटीएटी) की प्रशंसा की और समकालीन चुनौतियों का सामना करने के लिए संरचनात्मक और प्रक्रियात्मक सुधारों पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। नई दिल्ली में आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण, भूमिका, चुनौतियाँ और आगे की राह पर एक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए, न्यायमूर्ति गवई ने पिछले पाँच वर्षों में लंबित मामलों की संख्या 85 हज़ार से घटाकर 24 हज़ार करने के लिए आईटीएटी की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब अदालतें और न्यायाधिकरण उचित और सुसंगत कारण और पूर्वानुमानित निर्णय प्रदान करते हैं, तो कानून एक उपयुक्त ढाँचे के रूप में विकसित होता है जिससे नागरिक आत्मविश्वास से अपने अधिकारों का प्रयोग और अपने कर्तव्यों का पालन कर सकते हैं। न्यायमूर्ति गवई ने यह भी कहा कि असंगत या विरोधाभासी फैसले कानूनी प्रणाली के अधिकार को कमजोर कर सकते हैं और न्याय के प्रभावी प्रशासन में बाधा डाल सकते हैं, खासकर तकनीकी और अत्यधिक विशिष्ट क्षेत्रों जैसे आयकर में। हालाँकि, मुख्य न्यायाधीश ने आगे कहा कि 6.85 लाख करोड़ रुपये के विवाद अभी भी आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण के समक्ष विचाराधीन हैं।
इस अवसर पर बोलते हुए केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि केंद्र सरकार आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण की भूमिका को मजबूत करने तथा न्याय प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
