नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को महान उद्योगपति और टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष रतन टाटा की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
केजरीवाल ने आज एक्स पोस्ट में लिखा है कि रतन टाटा के जिम्मेदार नेतृत्व, नवाचार और सहयोग की भावना ने भारत के विकास पर अमिट छाप छोड़ी है। उनके जीवन मूल्यों, विशेष रूप से ईमानदारी और बेहतर भविष्य के प्रति समर्पण ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
केजरीवाल ने रतन टाटा को भारत का ‘अनमोल रत्न’ बताते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि टाटा समूह को वैश्विक मंच पर ले जाने के साथ-साथ रतन टाटा ने सामाजिक कार्यों और परोपकार के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी दूरदर्शिता और नेतृत्व ने भारतीय उद्योग जगत को नई दिशा दी।
