भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी बारिश की नारंगी चेतावनी जारी की है। आंध्र प्रदेश, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी कल तक मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के दौरान ओडिशा और कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बिजली और तेज़ हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान लगाया है।
इस बीच, दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज सुबह 7 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 216 दर्ज किया गया। इससे वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में आ गई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वर्तमान में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP-2) के प्रतिबंध लागू हैं। 0 से 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब और 301 से 400 के बीच बहुत खराब माना जाता है। 401 से 450 के बीच एक्यूआई गंभीर माना जाता है।
