रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 1 नवंबर को मलेशिया के कुआलालंपुर में 12वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) में भाग लेंगे। श्री सिंह ‘एडीएमएम-प्लस के 15 वर्षों पर चिंतन और आगे की राह तैयार करना’ विषय पर मंच को संबोधित करेंगे। अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान, रक्षा मंत्री के एडीएमएम-प्लस में भाग लेने वाले देशों के अपने समकक्षों और मलेशिया के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने की भी उम्मीद है। एडीएमएम-प्लस आसियान और अन्य देशों के बीच रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि एडीएमएम-प्लस के तहत, भारत 2024-2027 चक्र के लिए मलेशिया के साथ आतंकवाद निरोध पर विशेषज्ञ कार्य समूह का सह-अध्यक्ष है। इसके साथ ही, मलेशिया की अध्यक्षता में आसियान-भारत रक्षा मंत्रियों की दूसरी अनौपचारिक बैठक इस महीने की 31 तारीख को आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में सभी आसियान सदस्य देशों के रक्षा मंत्री भाग लेंगे। इसका उद्देश्य आसियान सदस्य देशों और भारत के बीच रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग को और मज़बूत करना तथा ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ को आगे बढ़ाना है। एडीएमएम-प्लस, आसियान सदस्य देशों और उनके आठ संवाद साझेदारों के लिए सुरक्षा एवं रक्षा सहयोग को मज़बूत करने का एक मंच है।
