नई दिल्ली । दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड मोड में कक्षाएं संचालित करने का आदेश दिया है। सरकार ने कहा कि अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से भौतिक और ऑनलाइन दोनों मोड में कक्षाएं संचालित की जाएं।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण के गंभीर स्तर को देखते हुए तत्काल प्रभाव से गंभीर वायु गुणवत्ता के तहत चरण-तीन के सभी उपायों को लागू करने का आदेश दिया है। इस आदेश में दिल्ली के सरकारी, एनडीएमसी, एमसीडी और दिल्ली छावनी बोर्ड के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, गैर-सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से कक्षा पांचवीं तक के बच्चों के लिए स्कूलों में हाइब्रिड मोड में कक्षाएं आयोजित करें। जहां ऑनलाइन माध्यम से संभव हो, वहां पर कक्षाएं ऑनलाइन ही चलाएं। यह व्यवस्था अगले आदेश तक जारी रहेगी।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता में तेजी से गिरावट के कारण सीएक्यूएम ने मंगलवार को पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के तहत चरण तीन के प्रतिबंधों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का आदेश दिया है।
