धमतरी, 24 नवंबर । भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार पूरे छत्तीसगढ़ में संचालित मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण–2026 के तहत धमतरी जिले में गणना प्रपत्रों का वितरण, भरे हुए प्रपत्रों की प्राप्ति और एंट्री का कार्य बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा लगातार किया जा रहा है। जिले के गुजरा क्षेत्र और नगरी विकासखंड के छह वार्डों में प्रपत्रों की एंट्री शत-प्रतिशत पूरी कर ली गई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी एंट्री कार्य तेज़ी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है।
इसी क्रम में एसडीएम एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) पीयूष तिवारी ने सोमवार को उन बूथों का निरीक्षण किया, जहाँ प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई। उन्होंने धमतरी शहर के चार वार्ड—रामपुर वार्ड, महिमा सागर, नयापारा और हटकेशर वार्ड—का स्थल निरीक्षण करते हुए फॉर्म संग्रहण एवं एंट्री की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों को हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान बीएलओ द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पीयूष तिवारी ने कई मुद्दों का समाधान स्थल पर ही किया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे और कोई भी अपात्र नाम शामिल न हो। सभी बूथ लेवल अधिकारियों को घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र भरवाने तथा कार्य को पूरी निष्ठा से संपादित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश मिश्रा भी लगातार पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा और निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने बीएलओ का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मतदाता सूची अद्यतन करने की यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है, इसलिए इसे पूरी जिम्मेदारी, गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है। जिला प्रशासन ने घोषणा की है कि शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा, जिससे उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रेरणा मिल सके।
