सर्दियों में बाजार में ताजगी से भरी कई सब्जियां आसानी से मिल जाती हैं, जैसे गाजर, मटर, मूली और अन्य। इस मौसम में इन सब्जियों से कई तरह के स्वादिष्ट और हेल्दी डिश बनाए जा सकते हैं, जो नाश्ते और लंच दोनों के लिए परफेक्ट होते हैं। गाजर का हलवा सर्दियों में लगभग हर घर में बनता है, लेकिन आज हम आपको गाजर का हेल्दी और स्वादिष्ट चीला बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे। यह झटपट तैयार हो जाता है और सुबह के नाश्ते के लिए एकदम सही है।
सामग्री
गाजर – 1 कप (कद्दूकस की हुई)
बेसन – 1 कप
हरी मिर्च – 1 (बारीक कटी हुई)
धनिया पत्ता – 2 बड़े चम्मच
हल्दी – ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
पानी – आवश्यकतानुसार
तेल – जरूरत अनुसार
विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन डालें और इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर घोल तैयार करें। अब इसमें कद्दूकस की हुई गाजर, हरी मिर्च, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और धनिया पत्ता डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
गैस पर तवा गरम करें और हल्का तेल लगाएं। एक बड़े चम्मच की मदद से चीला का घोल तवे पर डालकर गोल आकार में फैलाएं। इसे दोनों तरफ हल्का तेल लगाकर सेंक लें।
गरमा-गरम गाजर का चीला तैयार है। इसे हरी चटनी या दही के साथ सर्व करें और स्वाद का आनंद लें।
