27 दिसंबर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से शुरू होने वाले चार दिवसीय दौरे पर गोवा, कर्नाटक और झारखंड जाएंगी। वे आज शाम गोवा के लिए रवाना होंगी। कल, राष्ट्रपति मुर्मू कर्नाटक के कारवार बंदरगाह से पनडुब्बी में समुद्री यात्रा करेंगी। 29 दिसंबर को, राष्ट्रपति झारखंड के जमशेदपुर में ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी।
ओल चिकी लिपि का सृजन 1925 में रघुनाथ मुर्मू ने संथाली भाषा के लिए किया था। संथाली आदिवासी समुदाय के लिए ओल चिकी लिपि का सांस्कृतिक और भाषाई महत्व बहुत अधिक है और यह उनकी पहचान, साहित्य और विरासत के संरक्षण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उसी दिन, वह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह को भी संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति 30 दिसंबर को झारखंड के गुमला में आयोजित होने वाली अंतरराज्यीय जनसंस्कृतिक समागम समारोह-कार्तिक यात्रा को संबोधित करेंगी।
