नई दिल्ली, 27 जनवरी । दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्रराज सिंह के साथ मंगलवार को शाहबाद डेयरी में जर्जर स्कूल बिल्डिंग का निरीक्षण किया।
इस दौरान आशीष सूद ने पिछली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि 2020 में आम आमदी पार्टी (आआपा) की सरकार द्वारा बनाए गए खराब इंफ्रास्ट्रक्चर की कीमत आज मासूम बच्चे चुका रहे हैं। लाल स्कूल, शाहबाद डेयरी की इमारत को “डेंजरस” घोषित कर दिया गया।
सूद ने कहा कि बच्चों को असुरक्षित बिल्डिंग में पढ़ाना उनके शिक्षा और सुरक्षा के लिए बड़ा सवाल खड़ा करता है। एक प्रशासन के तौर पर जो भी जिम्मेदारी निभानी थी, दिल्ली सरकार ने उसे ईमानदारी से निभाया है। सभी बच्चों को शिफ्ट करना और बिल्डिंग का निरीक्षण कराना जरूरी कदम था। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए बच्चों की जान का जोखिम कौन उठाएगा? इस लिए सरकार लगातार बच्चों की सुरक्षा के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक और मंत्री इंद्रराज भी पहले कई बार इस जगह का दौरा कर चुके हैं। जुलाई महीने में इस स्कूल के लगभग 5,000 बच्चों को रोहिणी के एक दूसरे स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया था, जो अपने आप में परेशानी का सबब है। भवन को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को तत्काल और स्पष्ट निर्देश दिए गए। सरकार बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होने देगी और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े सारे काम किए जाएंगे।
