नई दिल्ली, 27 जनवरी । बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी शॉप पर हुए हमले और हथियारबंद झगड़े के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि 25 जनवरी की शाम करीब 6:34 बजे शाहबाद डेयरी थाना पुलिस को बी-ब्लॉक इलाके में झगड़े और मारपीट की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसआई सतीश के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तब तक घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपित को मौके पर मौजूद ड्यूटी स्टाफ ने पकड़ लिया था।
घायल की पहचान 25 वर्षीय प्रकाश सोनी के रूप में हुई है, जो शाहबाद डेयरी का निवासी है और अपने पिता के साथ “राकेश ज्वेलरी” नाम से दुकान चलाता है। हमले में प्रकाश सोनी के सिर के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट आई है, जो किसी भारी कुंद वस्तु से वार के कारण बताई जा रही है।
पूछताछ में पीड़ित ने बताया कि विवाद की जड़ एक आपसी जान-पहचान से जुड़ा निजी मामला था। शाम करीब 6:15 बजे एक महिला अपने पुरुष साथी के साथ दुकान में आई। पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान आरोपित ने रिवॉल्वर की बट से प्रकाश सोनी के सिर पर वार किया और मौके से फरार होने की कोशिश की। पकड़े गए आरोपित की पहचान संदीप जून (30)के रूप में हुई है। वह बहादुरगढ़ हरियाणा का रहने वाला है। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
