सैन डिएगो कॉमिक-कॉन (SDCC) 2026 में ‘रामायण’ का ट्रेलर सबसे बड़ा अट्रैक्शन था. हालांकि भारत में अभी तक ट्रेलर रिलीज नहीं हुआ है, लेकिन इसे अमेरिका में इवेंट में शामिल होने वाले फैंस के लिए खास तौर पर दिखाया गया था. अब इवेंट का एक वायरल वीडियो फैंस का ध्यान खींच रहा है. क्लिप में एक महिला को ‘रामायण’ प्रेजेंटेशन में शामिल होने के बाद मिले एक खास तोहफे की अनबॉक्सिंग करते हुए दिखाया गया है. यह तोहफा कमल के डिजाइन से सजे गुलाबी रंग के बॉक्स में था. इसके अंदर ‘रामायण’ टीम का एक नोट और सुनहरे रंग का शंख था.
वीडियो में महिला कहती है, “आइए इस तोहफे को अनबॉक्स करते हैं जो मुझे ‘रामायण’ के स्पेशल प्रीव्यू इवेंट में मिला है.” फिर वह गिफ़्ट बैग से गुलाबी रंग का बॉक्स निकालती है और उसे खोलती है. बॉक्स के ढक्कन पर कमल का डिजाइन बना है. अंदर सुनहरे रंग का शंख है, साथ ही ‘रामायण’ टीम का एक नोट भी है. सोवेनियर दिखाते हुए वह कहती है, “मुझे कमल के डिजाइन वाला यह खूबसूरत बॉक्स बहुत पसंद है और इस खूबसूरत बॉक्स के अंदर ‘शंख’ है. यह ‘धर्म की पुकार’ का प्रतीक है.”
नोट पढ़कर वह बताती है कि शंख “भारतीय विरासत का प्रतीक है जो हमारी ऊर्जा में तालमेल बिठाता है. ऐसी आवाज निकालता है जो ब्रह्मांड से परे जाती है और एक नई शुरुआत का संकेत देती है.” वह यह भी कहती है, “इस शंख पर की गई खूबसूरत नक्काशी और बहुत ही बारीक काम को देखिए.”नोट में लिखा है, “जैसे-जैसे हम इस साल दिवाली पर अपनी ‘रामायण’ को साकार करने की तैयारी कर रहे हैं. हम भगवान राम की सदाबहार यात्रा और शिक्षाओं का जश्न मनाते हैं, जो आज भी हमारे मूल्यों और संस्कृति को परिभाषित करती हैं.”
महिला प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा का शुक्रिया अदा करते हुए वीडियो खत्म करती है और कहती है, “बहुत-बहुत धन्यवाद, नमित मल्होत्रा. प्राइम फ़ोकस के CEO.” आखिर में लिखा मैसेज था, “दुनिया भर में मौजूद पूरी प्राइम फोकस फैमिली की ओर से, ढेर सारी शांति और खुशियां.” SDCC इवेंट के दौरान मेकर्स ने उन अफवाहों को भी खारिज कर दिया कि ‘रामायण: पार्ट 1’ तय समय से पहले रिलीज होगी. उन्होंने कन्फर्म किया कि यह फिल्म दिवाली 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि ‘रामायण: पार्ट 2’ दिवाली 2027 के लिए तय की गई है.
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण और साई पल्लवी माता सीता के रोल में नजर आएंगे. सनी देओल हनुमान का रोल निभाएंगे, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभाएंगे. कास्ट में मंदोदरी के रोल में काजल अग्रवाल और शूर्पणखा के रोल में रकुल प्रीत सिंह भी शामिल हैं, साथ ही अरुण गोविल, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, शीबा चड्ढा और इंदिरा कृष्णन भी हैं.
