भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में आज बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, केरल, माहे और राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसी तरह की स्थिति कल तक तटीय और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, कोंकण और गोवा में भी रहने की संभावना है।
इस बीच, पंजाब, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। पूर्वोत्तर भारत में, मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो से तीन दिनों में भारी बारिश, गरज के साथ तूफान, तेज हवाएं और बिजली गिरने की भविष्यवाणी की है।
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में अगले दो से तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है।
