एयर इंडिया की फुकेट से दिल्ली आ रही उड़ान AI2379 सोमवार को यात्रा के दौरान टर्बुलेंस (हवाई झटकों) की चपेट में आ गई। इस दौरान विमान की ऊंचाई में कुछ समय के लिए बदलाव आया, जिससे कई यात्रियों और चालक दल के कुछ सदस्यों को मामूली चोटें आईं। हालांकि विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतर गया।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान के क्रूज़ चरण के दौरान टर्बुलेंस के कारण विमान की ऊंचाई में क्षणिक बदलाव हुआ। इसके बावजूद विमान ने सुरक्षित रूप से दिल्ली में लैंडिंग की और सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, टर्बुलेंस के दौरान विमान करीब 300 फीट नीचे आया। हालांकि एयर इंडिया ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
एयरलाइन के अनुसार, घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें एहतियात के तौर पर दिल्ली हवाई अड्डे के चिकित्सा केंद्र ले जाकर जांच और उपचार कराया गया।
एयर इंडिया ने कहा कि उसकी एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ प्रभावित यात्रियों और क्रू सदस्यों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।
एयरलाइन ने यह भी बताया कि घटना की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है। कंपनी ने प्रभावित यात्रियों की संख्या या टर्बुलेंस के कारणों का विस्तृत विवरण साझा नहीं किया है।
एयर इंडिया ने दोहराया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।
