भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरु चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र तथा निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 4 अगस्त को बीएमडीसी, सेक्टर-7 में ठेका श्रमिक महिलाओं के लिए मिशन लक्ष्मी के अंतर्गत एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिला ठेका श्रमिकों को उनके समग्र स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छताए, स्वास्थ्य संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी सहित आवश्यक चिकित्सकीय उपचार प्रदान की गई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. उदय कुमार ने मिशन लक्ष्मी के तहत उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं तथा मिशन लक्ष्मी की टीम का उत्साहवर्धन करते हुए इस पहल को महिला स्वास्थ्य सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. नीली कुजूर ने मिशन लक्ष्मी की परिकल्पना, उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस अभियान का उद्देश्य महिला ठेका श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है।
कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभस्मिता ने बच्चों के स्वास्थ्य, समुचित पोषण एवं समय पर टीकाकरण के महत्व पर विस्तृत जानकारी देते हुए उपस्थित महिलाओं को बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक किया। साथ ही विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर डॉ. सुभस्मिता ने उपस्थित महिलाओं को स्तनपान के महत्व एवं उससे जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान कराना उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि तथा संक्रमणों से सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या ने किशोरियों एवं महिलाओं के सतत स्वास्थ्य परीक्षण, कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, समय पर जांच, बचाव हेतु टीकाकरण तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर श्रीमती परोमिता दासगुप्ता ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर जानकारी देते हुए दैनिक भोजन में पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में मिशन लक्ष्मी टीम ने उपस्थित महिलाओं के स्वास्थ्य एवं टीकाकरण संबंधी प्रश्नों का समाधान करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का संतोषजनक उत्तर दिया। सभी प्रतिभागियों के लिए एक रोचक क्विज का भी आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले 20 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. उदय कुमार के नेतृत्व तथा अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. नीली कुजूर के मार्गदर्शन में किया गया। इसके अतिरिक्त शिविर में महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) संजीव श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (सीएसआर) मनोज दुबे, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती नीरजा शर्मा, उप प्रबंधक (मानव संसाधन-एल एंड डी) सुष्मिता पाटला, उप प्रबंधक (सीएसआर) कमल वर्मा एवं सरिता चौधरी तथा बीएमडीसी स्टाफ की उपस्थिति एवं सहयोग उल्लेखनीय रहा। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती लता मिश्रा एवं धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती शशि सिंह द्वारा किया गया।
