प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के भागलपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे। प्रधानमंत्री यह किस्त 9.8 करोड़ लाभार्थी किसानों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए जारी करेंगे। इस योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में 22 हजार 700 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता सीधे जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री बिहार में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण भी करेंगे और दोपहर में भागलपुर के एयरपोर्ट ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
पीएम-किसान योजना के तहत तीन बराबर किस्तों में किसानों को सालाना छह हजार रुपये दिए जाते हैं। देशभर के 731 कृषि विज्ञान केंद्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें करीब ढाई करोड़ किसान प्रत्यक्ष या वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस दिन को किसान सम्मान समारोह के रूप में मनाया जाएगा, ताकि केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि पीएम-किसान योजना के तहत अब तक देश के 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 3.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
