प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह मॉरीशस की दो दिवसीय यात्रा पर पोर्ट लुइस पहुंचे। इस यात्रा के दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। आज प्रधानमंत्री सर शिवसागर रामगुलाम और सर अनिरुद्ध जगन्नाथ को श्रद्धांजलि देने के लिए सर शिवसागर रामगुलाम बॉटनिकल गार्डन जाएंगे। श्री मोदी इस परिसर में एक पौधा भी लगाएंगे। इसके बाद वे मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री आज शाम एक सामुदायिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर मॉरीशस में रहने वाले भारतीय मूल के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी अपने मॉरीशस समकक्ष नवीन चंद्र रामगुलाम से मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री कल मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यात्रा के दौरान समुद्री सुरक्षा, क्षमता निर्माण और व्यापार के क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की यह यात्रा भारत और मॉरीशस के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
