केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति ने अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की योजना के तहत पांच राज्यों के लिए 1,604 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। ये राज्य हैं बिहार, गुजरात, झारखंड, महाराष्ट्र और केरल।
समिति ने अक्टूबर 2023 के दौरान राज्य में आई विनाशकारी ग्लेशियल झील के फटने से उत्पन्न होने वाली बाढ़ से उबरने और पुनर्निर्माण की जरूरतों के लिए सिक्किम के लिए 555 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को भी मंजूरी दी। गृह मंत्रालय ने कहा कि सरकार ने देश में आपदाओं के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए कई पहल की हैं। केंद्र सरकार ने चालू वित्त वर्ष के दौरान राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष के तहत 28 राज्यों को 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक और राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष के तहत 16 राज्यों को तीन हजार 229 करोड़ रुपये से अधिक जारी किए हैं।
